नहर में पानी न आने से किसानों ने किया प्रदर्शन, समाधान न होने पर धरने की चेतावनी

पीलीभीत। कलीनगर क्षेत्र में नहर में पानी न आने से किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मक्का और गन्ने की फसल सूखने की स्थिति में पहुंच चुकी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान। का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर भीकमपुर, अर्जुनपुर, तुलसीपुर, लोहरपुरा, किरतपुर, अकबरपुर और खीरी नौबरामद के किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। समस्या से दर्जनों गांव प्रभावित हैं। मामले में किसानों ने बताया कि वे कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों और प्रशासन को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया है। नाराज किसानों ने बाइफरकेशन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना है कि रजवाह नहर में पिछले तीन माह से पानी नहीं आया है, जिसके चलते उनकी फसलें सूख रही हैं और उत्पादन पर गंभीर असर पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे किसानों में सुखदेव सिंह, अजमेर सिंह, प्रकाश सिंह, गुरसरण सिंह, गुरजंट सिंह, हरपिंदर सिंह, जग्गा सिंह और मलकीत सिंह सहित कई लोग शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नहर में पानी नहीं छोडा गया, तो वे मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।