प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर पुनर्विकास कार्य शुरू, ड्रॉप एंड गो सहित नई व्यवस्थाएं लागू

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चल रहे व्यापक पुनर्विकास कार्यों के अंतर्गत सिटी साइड पर निर्माण कार्य 15 अप्रैल से प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद 15 अप्रैल 2026 से अग्रिम आदेश तक स्टेशन के सिटी साइड पर कई प्रतिबंध एवं नई अस्थायी व्यवस्थाएं लागू कर दी गई हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारू रूप से बनी रहे।

रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बैरीकेटिंग की प्रगति के आधार पर सिटी साइड पर गेटवार व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसमें गेट संख्या 1 केवल पैदल यात्रियों के प्रवेश के लिए रहेगा, जबकि गेट संख्या 2 को चार पहिया वाहनों की पार्किंग हेतु निर्धारित किया गया है। गेट संख्या 3 एवं गेट संख्या 4 पैदल यात्रियों के प्रवेश के लिए उपयोग में लाए जाएंगे। वहीं गेट संख्या 5 और 6 को ड्रॉप एंड गो सुविधा के लिए रखा गया है, जिसमें प्रवेश गेट संख्या 6 से तथा निकासी गेट संख्या 5 से होगी।

इसके अलावा आश्रय के अनुसार भी नई व्यवस्था लागू की गई है। आश्रय संख्या 2 में चार पहिया वाहनों की पार्किंग, आश्रय संख्या 3 में दो पहिया वाहनों की पार्किंग एवं अनारक्षित टिकट वितरण, जबकि आश्रय संख्या 4 में आरक्षित टिकट वितरण की व्यवस्था की गई है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य की प्रगति के अनुरूप इन व्यवस्थाओं में समय-समय पर बदलाव किया जा सकता है। साथ ही यात्रियों एवं आमजन से अपील की गई है कि सिटी साइड पर वर्तमान में पार्किंग की व्यवस्था सीमित है, इसलिए भीड़भाड़ और जाम से बचने तथा बेहतर पार्किंग सुविधा के लिए सिविल लाइंस साइड पर उपलब्ध पार्किंग व्यवस्था का अधिक उपयोग करें।

रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं और स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य में यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है।