फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर हेरिटेज लोको बना आकर्षण का केंद्र, यात्रियों के लिए बनाया गया सेल्फी प्वाइंट

फिरोजपुर |रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर फिरोजपुर मंडल द्वारा 17 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जागरूकता एवं आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अप्रैल 2026 को फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर एक विशेष पहल के तहत स्टेशन परिसर में स्थापित हेरिटेज लोको का सौंदर्यीकरण किया गया, जो यात्रियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।

स्टेशन परिसर में मौजूद इस ऐतिहासिक धरोहर लोको को पारंपरिक रूप से सजाया-संवारा गया, जिससे भारतीय रेलवे के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत की झलक साफ तौर पर देखने को मिली। हेरिटेज लोको के नए स्वरूप ने यात्रियों का ध्यान अपनी ओर खींचा और स्टेशन पर मौजूद लोग इसे देखने के लिए रुकते नजर आए।

यात्रियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने लोको के पास एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया, जहां यात्रियों विशेषकर युवाओं ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर इस अवसर को यादगार बनाया।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को हेरिटेज लोको के ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ भारतीय रेल की समृद्ध विरासत और विकास यात्रा के बारे में भी जानकारी दी गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ना और विरासत संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह पहल यात्रियों के लिए खास आकर्षण बनी रही।