विश्व विरासत दिवस पर अजमेर मंडल में ‘रेलवे विरासत सप्ताह’ की शुरुआत

विश्व विरासत दिवस पर अजमेर मंडल में ?रेलवे विरासत सप्ताह? की शुरुआत

18 से 23 अप्रैल तक रंगीन रोशनी, विरासत यात्रा, प्रदर्शनी व प्रतियोगिताओं का आयोजन

अजमेर। विश्व विरासत दिवस के अवसर पर अजमेर मंडल द्वारा रेलवे धरोहर के संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक ?रेलवे विरासत सप्ताह? का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मंडल स्तर पर कई आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य नई पीढ़ी को रेलवे की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना और इसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार विरासत सप्ताह के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय अजमेर तथा विरासत रेल इंजनों (हेरिटेज लोकोमोटिव) पर रंगीन प्रकाश सज्जा की जाएगी। इसके साथ ही अजमेर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल माध्यम से रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर से संबंधित सामग्री प्रदर्शित की जाएगी, जिससे यात्री और आमजन रेलवे के गौरवशाली इतिहास को करीब से जान सकें।

इस कार्यक्रम के दौरान अजमेर मंडल की रेलवे धरोहर परिसंपत्तियों के संरक्षण विषय पर विचार-विमर्श हेतु बैठक भी आयोजित की जाएगी। वहीं विद्यार्थियों के लिए मारवाड़?खामली घाट सेक्शन पर विशेष विरासत यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र रेलवे के ऐतिहासिक मार्ग और धरोहर स्थलों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

विरासत सप्ताह को और अधिक रोचक बनाने के लिए ?विरासत? विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों में छात्रों एवं रेल कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंडल स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस पूरे आयोजन का संयोजन मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के आदेशानुसार मंडल कार्यालय के ईएनएचएम विंग के अंतर्गत वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज कुमार मीना के निर्देशन में किया जाएगा।

अजमेर मंडल प्रशासन ने आमजन, विद्यार्थियों एवं सभी रेल कर्मियों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर भारतीय रेल की समृद्ध विरासत को जानें और इसके संरक्षण में अपना योगदान दें।