अजमेर मंडल में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मुख्य समारोह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक द्वारा बाबा साहब की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने कहा कि बाबा साहब केवल संविधान निर्माता ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक समानता और न्याय के सशक्त समर्थक भी थे। उन्होंने रेल अधिकारियों व कर्मचारियों से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और ?अंत्योदय? की भावना के साथ यात्रियों की सेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंबेडकर जयंती वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में मंडल स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विजेता रेल कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मंडल कार्मिक अधिकारी अजय कुमार निगम ने किया। वहीं सहायक कार्मिक अधिकारी वंदना चौबे तथा एससी/एसटी एसोसिएशन सहित विभिन्न रेल कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने बाबा साहब के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।