मोतीबाग पालिक्लिनिक में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

मोतीबाग पालिक्लिनिक में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

घर-घर जाकर किया गया जागरूकता अभियान, 50 बच्चों का हुआ परीक्षण

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) के नागपुर मंडल स्थित मोतीबाग पालिक्लिनिक में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. किशोर कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया।

शिविर से पूर्व मोतीबाग, बालीशॉप, पंजाबी लाइन एवं मंगलवारी कॉलोनी क्षेत्रों में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक मुकेश उबनारे द्वारा घर-घर जाकर रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के अभिभावकों को जागरूक किया गया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को आंख, कान, नाक, गला एवं दांतों की जांच के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मोतीबाग पालिक्लिनिक लाएं।

इसके साथ ही उन्होंने बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास हेतु उनके दैनिक आहार में प्रोटीन एवं विटामिन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह देते हुए स्वास्थ्य शिक्षा भी प्रदान की।

जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिला और आयोजित शिविर में कुल 50 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 25 बालक एवं 25 बालिकाएं शामिल रहीं। शिविर में पीडियाट्रिक विशेषज्ञ डॉ. ममता एवं डॉ. लिखिता ने बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. भाग्यश्री ठाकरे ने बच्चों के आंख, कान, नाक एवं गले की विस्तृत जांच की। इसके अलावा दंत चिकित्सक डॉ. देवेश ओस्वाल ने बच्चों के दांतों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा अभिभावकों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी भी दी गई।

रेलवे प्रशासन द्वारा आयोजित इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर न केवल बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने में सहायक हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल साबित हो रहे हैं।