आरपीएफ नागपुर मंडल ने डॉ. आंबेडकर जयंती पर किया गरिमामय आयोजन, 40 अनाथ बच्चों को किया सम्मानित

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आरपीएफ रिज़र्व ग्राउंड, मोतीबाग में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य आरपीएफ अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को डॉ. आंबेडकर के जीवन, आदर्शों और समाज सुधार में उनके योगदान से प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में डॉ. विकास जांभुलकर (विभागाध्यक्ष, राजनीति शास्त्र, आरटीएम नागपुर विश्वविद्यालय) तथा अन्य अतिथियों में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उदय कुमार भारती और पूर्व प्राचार्य श्रीमती रेखा सजीवन उपस्थित रहीं।

सभी अतिथियों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ. आंबेडकर के विचारों, सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्ष और शिक्षा व समानता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत संजीवनी सोसायटी, वर्धा द्वारा संचालित आशाकिरण बालगृह, भिलगांव (नागपुर) के 40 अनाथ बच्चों को आमंत्रित कर मंच पर सम्मानित किया गया। इस दौरान आरपीएफ परिवार की ओर से मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य ने बच्चों को ₹21,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर मध्य रेलवे, नागपुर के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के कई शाखा अधिकारी अपने परिवारों के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में आरपीएफ के सेवारत व सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी, लिपिकीय स्टाफ और परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

आयोजन को सफल बनाने में विनय गडपायले,संदेश गोंडाने, श्री विवेक शेलकर,प्रताप नारायण दुबे,एम.एल. यादव,भास्कर सोनी,स्वपनरेखा,बी.डी. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम ने डॉ. आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने के साथ-साथ सामाजिक सेवा और समरसता का संदेश भी दिया।