आरपीएफ नागपुर की तत्परता, वंदे भारत में खोई सोने की बाली ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत यात्री को लौटाई

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नागपुर मंडल ने एक बार फिर ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस में खोया कीमती आभूषण यात्री को सुरक्षित वापस लौटाया। यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ?ऑपरेशन अमानत? के अंतर्गत की गई।

जानकारी के अनुसार दिनांक 08 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 20826 वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री के कान की सोने की बाली खो जाने की शिकायत रेलमदद पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल के अनुरक्षण दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रेन एवं रेलवे परिसरों में छूटे या खोए सामान को खोजकर सत्यापन के बाद सही यात्री तक पहुंचाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है।

प्राप्त शिकायत के अनुसार महिला यात्री चित्रा नागपुर से गोंदिया तक यात्रा कर रही थीं, इसी दौरान उनका एक सोने का ईयररिंग कहीं गिर गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ अनुरक्षण दल में तैनात आरक्षक वी.पी. सिंह ने तुरंत कोच संख्या E-1 में खोजबीन की और बाली बरामद कर ली। इसके बाद इसकी सूचना सुरक्षा नियंत्रण कक्ष नागपुर तथा आरपीएफ पोस्ट गोंदिया को दी गई।

इसके बाद 09 अप्रैल को गाड़ी संख्या 22647 तिरुअनंतपुरम एक्सप्रेस के माध्यम से उक्त सोने की बाली आरपीएफ पोस्ट गोंदिया को सुपुर्द कर दी गई। सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता मनोज जेठानंद मनुजा (उम्र 44 वर्ष, निवासी हरिकाशी नगर, गोंदिया) आरपीएफ पोस्ट गोंदिया पहुंचे। आवश्यक दस्तावेज सत्यापन के बाद लगभग 36 हजार रुपये मूल्य की सोने की बाली उन्हें सुरक्षित वापस सौंप दी गई।

यात्री ने आरपीएफ नागपुर मंडल तथा आरपीएफ गोंदिया की इस सराहनीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की समस्या या सामान खोने की स्थिति में तुरंत रेलमदद हेल्पलाइन 139 या नजदीकी रेलवे अधिकारी से संपर्क करें।