मां वैष्णो देवी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, 25 हजार से अधिक यात्री भवन की ओर रवाना

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में सप्ताहांत समाप्त होने के बाद भी मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। सोमवार को शाम पांच बजे तक करीब 25 हजार श्रद्धालु त्रिकुटा पर्वत स्थित पवित्र गुफा के दर्शन के लिए भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

दिनभर मौसम साफ और सुहावना रहने के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। श्रद्धालु लगातार 'जय माता दी' के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन एवं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जगह-जगह सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई और विश्राम की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

प्रशासन का कहना है कि यात्रा पूरी तरह सुचारु है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं।