2026 में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड, 23 लाख से अधिक ने किए दर्शन

कटड़ा। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटड़ा स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में वर्ष 2026 में अब तक 23 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब दो लाख अधिक बताया जा रहा है।

यह जानकारी श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है।

सीईओ ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा और बेहतर सुविधाएं देने के लिए श्राइन बोर्ड लगातार प्रयासरत है। यात्रियों के लिए मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।

श्री माता वैष्णो देवी मंदिर का संचालन श्राइन बोर्ड द्वारा किया जाता है, जिसके अध्यक्ष जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा हैं। यह पवित्र तीर्थस्थल त्रिकुटा पर्वत पर करीब 5200 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। मंदिर जम्मू शहर से लगभग 43 किलोमीटर और जिला मुख्यालय रियासी से करीब 29 किलोमीटर दूर स्थित है।

श्राइन बोर्ड अधिकारियों के अनुसार माता वैष्णो देवी मंदिर न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए आने वाले समय में सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को और गति देने की तैयारी की जा रही है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ही भवन की ओर प्रस्थान करें।