दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल में “वार्षिक खेल समारोह 2026” का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे), नागपुर मंडल खेल संघ द्वारा ?वार्षिक खेल समारोह 2026? का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन नागपुर स्थित नैरो गेज रेल संग्रहालय, मोतीबाग में सायं 7:00 बजे गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रेलवे खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान किया गया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं उद्घाटन के साथ हुई। इसके बाद वर्षभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजन का मुख्य आकर्षण ?स्पोर्ट्स अवार्ड्स? वितरण समारोह रहा, जिसमें खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की खुले मंच से सराहना की गई।

इस कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, कर्मचारी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे समारोह की भव्यता और बढ़ गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं खेल अधिकारी (स्पोर्ट्स ऑफिसर) दिलीप सिंह भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल गतिविधियां किसी भी संगठन में ऊर्जा, अनुशासन और सकारात्मकता का आधार होती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ी मंडल स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर रेलवे का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं खेल अधिकारी दिलीप सिंह ने अपने उद्बोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलों से कर्मचारियों में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है, जो कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन में सहायक बनता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और खेल भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी।

रेलवे खेल संघ के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य रेलवे के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कर्मचारियों में स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा आयोजित यह वार्षिक खेल समारोह ऊर्जा, उत्साह, उपलब्धियों और एकता का प्रतीक रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित किया और भविष्य में खेल गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा देने का संदेश दिया।