रेलवे स्वास्थ्य इकाई कोरबा में एचपीवी टीकाकरण एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

बिलासपुर. महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा लगातार जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेलवे स्वास्थ्य इकाई, कोरबा में शनिवार को एचपीवी टीकाकरण एवं विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस शिविर में 09 से 15 वर्ष से कम आयु की किशोर कन्याओं के लिए विशेष रूप से टीकाकरण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 31 बालिकाओं को एचपीवी (HPV) का टीका लगाया गया, जो सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान 63 रेलवे हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिसमें उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हेल्थ टॉक भी आयोजित की गई, जिसमें मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित पोषण, नियमित शारीरिक गतिविधि और डिजिटल एक्सपोजर के प्रभाव जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही हीमोग्लोबिन जांच, सिकल सेल टेस्ट, लीवर फंक्शन टेस्ट सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांचें भी की गईं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेख सिराजुद्दीन, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शांति पूर्ति, डॉ. नीतू एस कुमार (एडीएमओ/कोरबा) एवं डॉ. अजीत ठोकल (शिशु रोग विशेषज्ञ/एनकेएच कोरबा) ने अपनी सेवाएं देते हुए हितग्राहियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन कर कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।