वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 घोड़ा संचालकों पर केस दर्ज

कटड़ा। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रियासी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना अनिवार्य पंजीकरण कार्ड के घोड़ा सेवा संचालित कर रहे पांच घोड़ा संचालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रियासी मुकेश तिबड़ेवाल के निर्देश पर की गई। पुलिस का कहना है कि यात्रा मार्ग पर पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए बिना पंजीकरण सेवा संचालित करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

थाना कटड़ा में जिन पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें लाल चंद, प्यार चंद, जगतार सिंह, मांगो राम और मुश्ताक मोहम्मद शामिल हैं।

यह अभियान थाना कटड़ा के SHO इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव के नेतृत्व में चलाया गया, जबकि कार्रवाई की निगरानी SDPO कटड़ा डॉ. भीष्म दुबे और SP कटड़ा कामेश्वर पुरी ने की।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि बिना पंजीकरण किसी भी सेवा को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, और भविष्य में भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रियासी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि यात्रा मार्ग पर कहीं भी बिना पंजीकरण घोड़ा या अन्य सेवाएं संचालित होती दिखें या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।