माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे आम्रपाली दुबे और कुंदन भारद्वाज, टेका माथा, तस्वीरें हुईं वायरल

कटरा। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और अभिनेता कुंदन भारद्वाज इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म "माई से मिला द वैष्णो मैया" को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की शूटिंग जम्मू-कश्मीर में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में चल रही है। शूटिंग के बीच दोनों कलाकार हाल ही में माता के दरबार में पहुंचे और विधिवत दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनकी यह धार्मिक यात्रा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

बताया जा रहा है कि दर्शन के दौरान आम्रपाली दुबे के साथ उनकी मां ऊषा दुबे भी मौजूद रहीं। आम्रपाली और कुंदन ने माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर से कुछ तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं।

तस्वीरें साझा करते हुए आम्रपाली दुबे ने लिखा,"जय मां वैष्णो देवी। माता वैष्णो देवी मंदिर में फिल्म "माई से मिला द मैया वैष्णो देवी"की शूटिंग के दौरान मम्मा ऊषा दुबे और को-एक्टर कुंदन भारद्वाज जी के साथ दर्शन किए।"

वहीं अभिनेता कुंदन भारद्वाज ने भी माता के चरणों में आशीर्वाद लेने की खुशी जाहिर करते हुए लिखा,"मां जगत जननी जगदंबा माई वैष्णो देवी के चरणों में सिनेमा करने का सौभाग्य मिला। क्वीन आम्रपाली दुबे जी के साथ। घर के देवता और पितर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।"

जानकारी के अनुसार फिल्म "माई से मिला द वैष्णो मैया"का निर्देशन पंकज सिन्हा कर रहे हैं और इसकी कहानी एक सच्ची घटना पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म को लेकर भोजपुरी दर्शकों में काफी उत्साह है और फैंस इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि यह फिल्म इस साल के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। फिलहाल आम्रपाली दुबे और कुंदन भारद्वाज की माता वैष्णो देवी यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग उनके इस भक्तिमय अंदाज की खूब सराहना कर रहे हैं।