संस्कृति, साहित्य और परंपराओं से समृद्ध है आगरा: आदर्श नंदन गुप्ता की पुस्तक प्रभु चरणों में अर्पित, लंगड़े की चौकी हनुमान मंदिर में हुआ भव्य आयोजन

आगरा, शनिवार।

शहर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और साहित्यिक विरासत को समर्पित एक महत्वपूर्ण आयोजन लंगड़े की चौकी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में संपन्न हुआ। साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता द्वारा लिखित पुस्तक ?संस्कृति, साहित्य और परंपराओं का शहरः आगरा? को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रभु के चरणों में अर्पित किया गया।

मंदिर के महंत डोरीदास उपाध्याय के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक वातावरण के बीच महंत गोविंद उपाध्याय द्वारा पूजा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने आगरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक समृद्धि पर प्रकाश डालते हुए पुस्तक की उपयोगिता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आगरा की संस्कृति और साहित्य इतना व्यापक और प्रेरणादायी है कि विश्व भर में इसकी छाप दिखाई देती है। पुस्तक में शहर के इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रामाणिक रूप से प्रस्तुत किया गया है, जो विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी।

पुस्तक की भूमिका लेखिका एवं आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. सुषमा सिंह ने इसे ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इसमें आगरा के विभिन्न क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारियां समाहित हैं। वहीं साहित्यकार डॉ. शशि गोयल ने इसे शहर की कला और संस्कृति का समग्र दस्तावेज बताया। सेंट एंड्रयूज स्कूल के सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा ने छात्रों के लिए इसे आवश्यक पठन सामग्री बताया।

उप्र हिंदी संस्थान के निराला सम्मान से सम्मानित कवि कुमार ललित ने कहा कि समाज को ऐसे सार्थक साहित्य की आवश्यकता है, जो अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करे।

लेखक आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि यह पुस्तक उप्र हिंदी संस्थान की अनुदान योजना के अंतर्गत प्रकाशित की गई है। 120 पृष्ठों की इस पुस्तक में 16 पृष्ठ रंगीन चित्रों के हैं, जिनमें आगरा के विविध सांस्कृतिक आयोजनों को दर्शाया गया है।

इस अवसर पर पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, संजय गुप्ता, शरद गुप्ता, जितेंद्र निगम, निरुपमा, अनुभूति, आदीपिका सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।