महामना मालवीय मिशन का 48वां स्थापना दिवस आगरा में गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न

आगरा, 9 अप्रैल।

महामना मालवीय मिशन के 48वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगरा संभाग द्वारा न्यू आगरा स्थित समृद्ध सागर अपार्टमेंट में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 बुद्धिजीवियों, कवियों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों एवं विभिन्न संस्थानों के निदेशकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन महासचिव राकेश चंद्र शुक्ला ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय हिंदी संस्थान की पूर्व निदेशिका प्रो॰ बीना शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रो-वाईस चांसलर प्रो॰ वेद प्रकाश त्रिपाठी ने की।

वक्ताओं ने पंडित मदन मोहन मालवीय के आदर्शों?शिक्षा, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक जागरण एवं सामाजिक समरसता?को आत्मसात करने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि महामना मालवीय मिशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक सशक्त वैचारिक आंदोलन है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मिशन की वांग्मय परियोजना एवं समाज में उसके सकारात्मक योगदान पर भी प्रकाश डाला।

महासचिव राकेश चंद्र शुक्ला ने भविष्य में और अधिक प्रभावी व भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजनाओं की जानकारी दी। अंत में कोषाध्यक्ष प्रो॰ वी.के. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रभाकर शर्मा (IRS) सहित अनेक शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही। सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी एवं सार्थक बताया।