सहकार भारती के प्रदेश संगठन प्रमुख का आगरा मंडल प्रवास आज से, तीन दिन में चार जनपदों में संगठन को देंगे नई गति और दिशा

आगरा, 10 अप्रैल। सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से कर्मवीर सिंह का आगरा मंडल का महत्वपूर्ण प्रवास 11 अप्रैल से प्रारंभ हो रहा है। तीन दिवसीय इस प्रवास में वे मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी में संगठनात्मक बैठकों को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।

यह प्रवास हाल ही में सहकार भारती की राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर की बैठकों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रियान्वयन की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार, सहकारिता के प्रसार एवं कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 अप्रैल को मथुरा, 12 अप्रैल को आगरा तथा 13 अप्रैल को फिरोजाबाद में बैठकें आयोजित होंगी। प्रवास के दौरान मैनपुरी में भी समयानुसार कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन बैठकों में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रवास के दौरान विभाग संयोजक राकेश चन्द्र शुक्ला समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

संगठन पदाधिकारियों का मानना है कि यह प्रवास सहकार भारती के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि सहकारिता के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की दिशा में भी ठोस प्रगति होगी।

आगरा मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित कार्यक्रमों में समय से उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण प्रवास को सफल बनाएं।