ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को बड़ी राहत, ओखा-शकूरबस्ती-ओखा सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलेगी

ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए ओखा-शकूरबस्ती-ओखा सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन निर्धारित अवधि में कुल 12-12 ट्रिप के रूप में संचालित होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09523 ओखा-शकूरबस्ती सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 14 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को ओखा से 10:20 बजे रवाना होकर बुधवार को 04:10 बजे जयपुर पहुंचेगी तथा 04:20 बजे जयपुर से प्रस्थान कर 10:35 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09524 शकूरबस्ती-ओखा सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 15 अप्रैल 2026 से 01 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को शकूरबस्ती से 13:15 बजे रवाना होकर 18:20 बजे जयपुर पहुंचेगी और 18:30 बजे जयपुर से प्रस्थान कर गुरुवार को 13:00 बजे ओखा पहुंचेगी।

यह विशेष सुपरफास्ट ट्रेन मार्ग में द्वारका, खंभालिया, जामनगर, हापा, राजकोट, वांकानेर, सुरेन्द्रनगर, विरमगाम, महेसाना, ऊंझा, सिद्धपुर, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु इस ट्रेन में 01 सेकंड एसी, 02 थर्ड एसी, 01 थर्ड एसी इकोनॉमी, 06 स्लीपर कोच, 04 सामान्य श्रेणी कोच, 01 पावरकार तथा 01 गार्ड डिब्बा सहित कुल 16 कोच लगाए गए हैं।

रेलवे प्रशासन के इस निर्णय से ग्रीष्मावकाश में दिल्ली व गुजरात की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।