5वें ऑफिसर्स एनुअल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट में अजमेर मंडल का शानदार प्रदर्शन, सांस्कृतिक में विजेता और खेलकूद में उपविजेता

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों का 5वां ऑफिसर्स एनुअल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट 2025-26 जयपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन 3 और 4 अप्रैल को जयपुर के जगतपुरा स्थित ऑफिसर्स क्लब 'उमंग'में आयोजित किया गया, जिसमें अजमेर मंडल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता शील्ड और खेलकूद प्रतियोगिता में उपविजेता शील्ड अपने नाम की।

अजमेर मंडल की इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा एवं उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने महाप्रबंधक अमिताभ से शील्ड प्राप्त की।

इस आयोजन में उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय जयपुर के साथ-साथ अजमेर, बीकानेर, जयपुर और जोधपुर मंडल, तथा अजमेर व जोधपुर कारखानों के अधिकारी एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रतिभा

खेलकूद प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, टेनिस, स्क्वॉश, एथलेटिक्स और महिला क्रिकेट जैसी कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में गायन, नृत्य, रील निर्माण, मेहंदी जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।

टीम वर्क और वर्क-लाइफ बैलेंस को बढ़ावा

उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ द्वारा यह आयोजन प्रतिवर्ष अधिकारियों के बीच टीम वर्क, सौहार्द, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और वर्क-लाइफ बैलेंस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

अजमेर मंडल की इस सफलता को मंडल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।