महाप्रबंधक ने किया अमृतसर–जालंधर–लुधियाना रेलखंड का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

अमृतसर। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने आज अमृतसर?जालंधर?लुधियाना रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं संबंधित अवसंरचना का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा व्यवस्था तथा परिचालन दक्षता की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सबसे पहले अमृतसर रेलवे स्टेशन पर चल रहे रिडेवलपमेंट कार्यों का जायजा लिया और उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन के वेटिंग हॉल, बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय, पार्किंग व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया तथा सेकेंड एंट्री सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद महाप्रबंधक ने ब्यास रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित रिडेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति का आकलन किया। इस अवसर पर डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास की प्रबंधन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित रिडेवलपमेंट कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन के प्रमुख विकास कार्य पूर्ण होने के बाद वहां भी महाप्रबंधक ने रिडेवलपमेंट कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति की जांच की।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रेरित किया और यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर एवं सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।