फिरोजपुर। चलती ट्रेन में यात्री का बैग छूटा, बाद में हुआ खुलासा....

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों की सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली। फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए ट्रेन में छूटे एक यात्री के बैग को सुरक्षित बरामद कर उसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार 30 मार्च को ट्रेन संख्या 12203 के कोच G-11 में सीट नंबर 51 पर टिकट जांच के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई)मनोज चौहान को एक बैग लावारिस हालत में मिला। जांच के दौरान पता चला कि बैग एक यात्री का है, जो समस्तीपुर से सिवान की यात्रा कर रहा था। यात्री अनजाने में अपना बैग ट्रेन में ही भूल गया था।

घटना की सूचना वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय, फिरोजपुर से मिलने के बाद मनोज चौहान ने बिना समय गंवाए बैग को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया और नियमानुसार उसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जालंधर सिटी को सौंप दिया। ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत बैग को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित वापस पहुंचाया जा सके।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ को प्रशंसा प्रमाण पत्र देने की घोषणा की है, जिससे अन्य कर्मचारी भी प्रेरित होकर इसी प्रकार यात्रियों की मदद के लिए आगे आएं।

रेलवे प्रशासन के इस कदम से यात्रियों में रेलवे के प्रति विश्वास और सुरक्षा का भाव और अधिक मजबूत हुआ है।