मुरादाबाद में फायर सीजन को लेकर अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की बैठक,फसलों में आगजनी रोकने के लिए दिए गए अहम निर्देश, सतर्क रहने का आह्वान

मुरादाबाद में फायर सीजन को लेकर अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की बैठक

फसलों में आगजनी रोकने के लिए दिए गए अहम निर्देश, सतर्क रहने का आह्वान

मुरादाबाद। फायर सीजन के दौरान फसलों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित नियंत्रण के उद्देश्य से जनपद मुरादाबाद में लगातार दूसरे दिन अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की बैठक आयोजित की गई।

06 अप्रैल को महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के आदेश के क्रम में यह बैठक मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जनपद मुरादाबाद के कुशल निर्देशन में आयोजित हुई। बैठक में जनपद मुरादाबाद की विभिन्न तहसीलों एवं ब्लॉकों से आए अग्निसचेतकों एवं वालंटियर्स को फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक का आयोजन जनपद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों हेलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी एवं कांठ पर संबंधित प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा किया गया।

फसलों में आग लगने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बैठक में अग्निसचेतकों/वालंटियर्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि फसलों में आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय संसाधनों की सहायता से आग पर प्रारंभिक नियंत्रण किया जाए, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।

जनजागरूकता और विभागीय सहयोग पर जोर

अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सावधानियां अपनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के लिए भी कहा गया। साथ ही प्रचार-प्रसार एवं जनहित में अग्निशमन विभाग को हर संभव सहयोग प्रदान करने हेतु अवगत कराया गया।

जलस्रोतों की जानकारी रखने के निर्देश

बैठक के दौरान अग्निसचेतकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र के स्थानीय जलस्रोतों की अद्यतन जानकारी हमेशा तैयार रखें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर फायर टैंकरों के लिए पानी की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जा सके।

महत्वपूर्ण विभागों के नंबर रखने का निर्देश

आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित करने के लिए सभी अग्निसचेतकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र के प्रमुख विभागों जैसे?

अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग एवं जलकल विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर अपने पास सुरक्षित रखें।

आपदा में सतर्क और सक्रिय रहने का आह्वान

बैठक में सभी वालंटियर्स एवं अग्निसचेतकों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे किसी भी आपदा की स्थिति में सतर्क, सक्रिय एवं त्वरित कार्यवाही के लिए सदैव तैयार रहें और समय रहते सूचना देकर नुकसान को कम करने में मदद करें।

इस संबंध में जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जनपद मुरादाबाद डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि फायर सीजन के दौरान जनपद में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।