यूपीएसआरटीसी अंतर-जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन मुरादाबाद का परचम

यूपीएसआरटीसी अंतर-जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन मुरादाबाद का परचम

सुपर ओवर के रोमांच में बनारस को 6 रन से हराकर बनी चैंपियन टीम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) द्वारा आयोजित अंतर-जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन 03 से 05 अप्रैल तक एनआर स्टेडियम (रेलवे), लखनऊ में किया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जोनों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का बेहतरीन परिचय दिया।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। फाइनल में नॉर्थ जोन मुरादाबाद और बेस्ट जोन बनारस के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया और मुकाबला अंत तक बेहद रोमांचक बना रहा।

हर गेंद पर रोमांच, हर रन पर जोश

फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह चरम पर था। मैच इतना कांटे का रहा कि अंतिम ओवर तक परिणाम तय नहीं हो सका। निर्धारित ओवरों में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया।

सुपर ओवर में नॉर्थ जोन मुरादाबाद की टीम ने धैर्य और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और बेस्ट जोन बनारस को 6 रन से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

VVIP मेहमान भी खड़े होकर देखते रहे मुकाबला

मैच की रोमांचक स्थिति ने सभी का ध्यान खींच लिया। स्टेडियम में मौजूद VVIP अतिथि भी पवेलियन से नीचे उतरकर खड़े-खड़े मैच देखते रहे, जिससे यह साफ हो गया कि मुकाबला कितना हाई-वोल्टेज और दिलचस्प था।

स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह भी देखने लायक रहा। बताया गया कि 90 प्रतिशत से अधिक दर्शक नॉर्थ जोन मुरादाबाद के समर्थन में नजर आए और लगातार तालियों व नारों से टीम का मनोबल बढ़ाते रहे।

कप्तान अनुराग यादव के नेतृत्व में मिली ऐतिहासिक सफलता

नॉर्थ जोन मुरादाबाद की इस ऐतिहासिक जीत में टीम के कप्तान अनुराग यादव की भूमिका अहम रही। कप्तान ने टीम को एकजुट रखते हुए रणनीतिक तरीके से मैदान पर उतारा और खिलाड़ियों ने शानदार टीम वर्क के साथ जीत सुनिश्चित की।

कप्तान अनुराग यादव ने जीत के बाद कहा कि,

यह जीत टीम की मेहनत, अनुशासन, लगन और फाइटिंग स्पिरिट का परिणाम है। हमने एकजुट होकर खेला और साबित कर दिया कि मुरादाबाद का नॉर्थ जोन सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी नंबर-1 है।

अधिकारियों ने मनाया जश्न, खिलाड़ियों को दी बधाई

टीम की शानदार जीत पर श्री एस. के. नायक, क्षेत्रीय प्रबंधक मेरठ, श्री अक्षय कुमार, सेवा प्रबंधक सहारनपुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उत्सव मनाया।

इस अवसर पर कहा गया कि नॉर्थ जोन की यह जीत पूरे उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के लिए गर्व की बात है।

ईस्ट जोन का प्रदर्शन भी रहा सराहनीय

प्रतियोगिता में ईस्ट जोन की टीम ने भी शानदार खेल दिखाया और पूरे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन फाइनल में किस्मत और खेल दोनों नॉर्थ जोन मुरादाबाद के पक्ष में रहे।

खेल ने दिया बड़ा संदेश

इस टूर्नामेंट ने यह संदेश दिया कि यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प हो, टीम एकजुट होकर अनुशासन और धैर्य के साथ प्रयास करे, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।

पूरे रोडवेज परिवार में खुशी की लहर

नॉर्थ जोन मुरादाबाद द्वारा लंबे समय बाद टूर्नामेंट जीतने पर पूरे परिवहन निगम परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। खिलाड़ियों को लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।