अजमेर लोको वर्कशॉप में बड़ी उपलब्धि, मेमू व इलेक्ट्रिक लोको के पीओएच हेतु सुविधाओं का विस्तार कार्य पूरा

अजमेर। अजमेर स्थित लोको वर्कशॉप में मेमू एवं इलेक्ट्रिक लोको रोलिंग स्टॉक के पीरियॉडिक ओवरहॉलिंग (पीओएच) के लिए सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुसार समयबद्ध रूप से संपन्न किया गया।

इस परियोजना के अंतर्गत वर्कशॉप के इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यापक विस्तार किया गया है। 60 मीटर चौड़े डीपीओएच शेड को बढ़ाकर अब 92 मीटर कर दिया गया है। इसके साथ ही शेड में 5 नए ट्रैक भी तैयार किए गए हैं, जिससे अनुरक्षण कार्यों में गति और कार्यक्षमता बढ़ेगी।

वर्कशॉप में नए एवं मौजूदा शेड में कुल 7 पिट्स का निर्माण किया गया है, जिससे तकनीकी जांच एवं मरम्मत कार्य अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। इसके साथ ही बोगी क्लीनिंग एरिया तथा इंजन क्लीनिंग एरिया की भी व्यवस्था की गई है, जिससे साफ-सफाई और रखरखाव के स्तर में सुधार होगा।

प्रशासनिक कार्यों को सुचारु बनाने के उद्देश्य से शेड में कार्यालय भवनों का निर्माण भी किया गया है। वहीं, शेड के बाहर 2 नए ट्रैक बिछाकर उन्हें ट्रैवर्सर क्षेत्र तक विस्तारित किया गया है, जिससे इंजनों और कोचों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। विस्तारित शेड के अंतिम छोर पर कवर्ड पाथवे का निर्माण भी किया गया है, जिससे कार्य संचालन में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार, इन सभी कार्यों के पूरा होने से मेमू और इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के अनुरक्षण एवं पीओएच क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही परिचालन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ट्रेनों के रखरखाव कार्यों में समय की बचत होगी।