अजमेर मंडल ने रचा इतिहास, वित्त वर्ष 2025-26 में आय के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटे, 1976.04 करोड़ की सर्वाधिक सकल आय अर्जित

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आय के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। मंडल ने इस वित्तीय वर्ष में अब तक की सर्वाधिक ₹1,976.04 करोड़ की कुल सकल आय अर्जित कर अपने इतिहास का सर्वोत्तम रिकॉर्ड दर्ज किया है। इस उपलब्धि के साथ अजमेर मंडल ने आय के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए रेलवे में अपनी मजबूत कार्यक्षमता और प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन में अजमेर मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ₹1,782.64 करोड़ को पीछे छोड़ते हुए ₹1,976.04 करोड़ की आय अर्जित की है। विशेष रूप से यात्री आय में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। यात्री सेवाओं से अर्जित आय पहली बार ₹819.58 करोड़ के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई, जो पिछले वर्ष के ₹754.27 करोड़ से कहीं अधिक है।

मालभाड़ा आय के क्षेत्र में भी अजमेर मंडल ने नया बेंचमार्क स्थापित किया है। इस वर्ष मंडल ने ₹1,027 करोड़ से अधिक की मालभाड़ा आय अर्जित की, जबकि इससे पहले का रिकॉर्ड ₹964.95 करोड़ वित्त वर्ष 2022-23 में दर्ज किया गया था। टिकट चेकिंग में भी अजमेर मंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बिना टिकट यात्रा पर सख्ती दिखाकर पहली बार ₹20 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड आय अर्जित की है।

इसके अलावा पार्सल एवं सनड्री आय के अंतर्गत भी मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पार्सल सेवाओं से ₹13.39 करोड़ की आय प्राप्त हुई, जो वर्ष 2015-16 के बाद का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं खान-पान (केटरिंग) से ₹3.67 करोड़ और पार्किंग से ₹2.72 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया गया।

अजमेर मंडल से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों की संख्या में भी अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। इस वित्त वर्ष में रिकॉर्ड 2.76 करोड़ ओरिजिनेटिंग पैसेंजर्स को सेवाएं प्रदान की गईं, जो मंडल की बेहतर कार्यक्षमता और यात्रियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय मंडल की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों, बेहतर परिचालन रणनीतियों तथा कार्यप्रणाली में किए गए निरंतर सुधारों को दिया है। उन्होंने कहा कि अजमेर मंडल आने वाले समय में भी इसी तरह यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने और राजस्व वृद्धि की दिशा में लगातार कार्य करता रहेगा।