जगनेर का गौरव बढ़ाया, डॉ. लवलेश बने मीडिया प्रभारी

खेरागढ़। जगनेर क्षेत्र के निवासी डॉ. लवलेश कुमार निशंक को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जिला सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी की लहर देखी जा रही है।

डॉ. लवलेश कुमार का सामाजिक और संगठनात्मक जीवन काफी सक्रिय रहा है। वे स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। इसके बाद उन्होंने बजरंग दल में प्रखंड संयोजक के रूप में कार्य करते हुए अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। संगठन में निरंतर कार्य करते हुए उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा में नगर उपाध्यक्ष तथा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। साथ ही वे लगातार दो बार मंडल अध्यक्ष भी रहे हैं।

नवनियुक्त जिला सह मीडिया प्रभारी डॉ. लवलेश कुमार ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व एवं जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया का आभार व्यक्त किया।

यह नियुक्ति उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।