खेरागढ़ में बाबा साहब जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा

खेरागढ़ में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकालने को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, कमेटी पदाधिकारियों एवं आसपास के गांवों से आए लोगों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में जानकारी दी गई कि शोभायात्रा के लिए प्रशासनिक अनुमति प्राप्त हो चुकी है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, जिसमें दो झांकियां, छह बग्गियां एवं अन्य आकर्षण शामिल रहेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा तय मार्गों से होते हुए खेरागढ़ नगर का भ्रमण करेगी और नगला उदैया में समापन होगा। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी मुस्तैदी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

बैठक के दौरान शशि कर्दम ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को प्रदान की।