हरदोई में रिश्वतखोरी के ऑडियो पर एसपी की कार्रवाई, पाली थाने के दरोगा व सिपाही निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

हरदोई। जनपद में रिश्वत लेने के आरोप में वायरल हुए ऑडियो के मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कड़ी कार्रवाई की है। थाना पाली में तैनात उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सिंह और आरक्षी टीकम सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों का उत्कोच (रिश्वत) लेने से संबंधित एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए।
पुलिस विभाग के अनुसार, जांच पूरी होने तक दोनों को निलंबित रखा जाएगा और दोषी पाए जाने पर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले के बाद पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही या अनुशासनहीनता न बरते। यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या शिथिलता पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, आम जनता में भी इस कदम की सराहना की जा रही है, जिससे पुलिस की पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलने की उम्मीद है।