हरदोई में हाईटेंशन लाइन से लगी आग, 6 बीघा फसल जलकर राख, ग्रामीणों ने आग पर पाया काबू

हरदोई। जनपद के लोनार थाना क्षेत्र के न्योरादेव गांव में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के कारण खेत में भीषण आग लग गई, जिससे किसान की करीब 6 बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान महेंद्र पुत्र बलबीर के खेत के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी नीचे खेत में गिर गई और देखते ही देखते आग फैल गई। कुछ ही देर में पूरी फसल आग की चपेट में आ गई।
आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के अन्य किसानों की फसल भी इसकी चपेट में आ सकती थी।
घटना की सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे किसानों में नाराजगी देखी गई। बाद में विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस भी आग बुझने के बाद मौके पर पहुंची।
इस हादसे में किसान महेंद्र की पूरी फसल नष्ट हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद किसान के चेहरे पर चिंता और बेबसी साफ नजर आई।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को घटना का कारण बताते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि पीड़ित किसान को राहत मिल सके।