हरदोई के ककेड़ा गांव में झोपड़ी में लगी आग, 50 हज़ार की नगदी सहित गृहस्थी जलकर राख, आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने पाया काबू

हरदोई। जनपद के सदर तहसील अंतर्गत सुरसा थाना क्षेत्र के ककेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की इस घटना में करीब 50 हजार रुपये की नगदी सहित पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
गांव निवासी रामासरे ने बताया कि वह गांव के बाहर बनी झोपड़ी में रहते हैं और उसी में उनका सारा घरेलू सामान रखा था। मंगलवार दोपहर वह किसी काम से खेतों की ओर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी से धुआं और आग की लपटें उठने लगी।
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक झोपड़ी में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग की चपेट में कपड़े, बर्तन, अनाज और अन्य जरूरी सामान के साथ 50 हजार रुपये नकद भी जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि ग्रामीणों का अनुमान है कि आग किसी चिंगारी या लापरवाही के चलते लगी हो सकती है।
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि उसकी क्षति की भरपाई हो सके।