ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को राहत, उत्तर पश्चिम रेलवे चलाएगा दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें

ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को राहत, उत्तर पश्चिम रेलवे चलाएगा दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें

जोधपुर-दानापुर और जयपुर-हावड़ा के बीच विशेष रेलसेवा, अप्रैल से जुलाई तक संचालन

जयपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा भगत की कोठी (जोधपुर)-दानापुर-भगत की कोठी तथा खातीपुरा (जयपुर)-हावड़ा-खातीपुरा के बीच विशेष साप्ताहिक ट्रेनें चलाई जाएंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी।

भगत की कोठी (जोधपुर)-दानापुर साप्ताहिक स्पेशल

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04813 भगत की कोठी (जोधपुर) से दानापुर के लिए 08 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कुल 15 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को भगत की कोठी से शाम 5:20 बजे रवाना होकर अगले दिन गुरुवार शाम 5:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04814 दानापुर से भगत की कोठी के लिए 09 अप्रैल 2026 से 16 जुलाई 2026 तक कुल 15 ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दानापुर से शाम 7:00 बजे प्रस्थान कर शनिवार रात 1:00 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी।

यह ट्रेन जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविन्दपुरी, फतेहपुर, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर तथा आरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

कोच संयोजन:

इस ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 5 शयनयान, 12 सामान्य श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 21 कोच रहेंगे।

खातीपुरा (जयपुर)-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल

ट्रेन संख्या 09709 खातीपुरा (जयपुर) से हावड़ा के लिए 07 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक कुल 13 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को खातीपुरा से सुबह 9:30 बजे रवाना होकर अगले दिन बुधवार दोपहर 3:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09710 हावड़ा से खातीपुरा के लिए 08 अप्रैल 2026 से 01 जुलाई 2026 तक कुल 13 ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को हावड़ा से रात 11:55 बजे रवाना होकर शुक्रवार सुबह 9:00 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

यह ट्रेन मार्ग में बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह, टूंडला, गोविन्दपुरी, सुबेदारगंज, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भबुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान तथा बैण्डेल सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

कोच संयोजन:

इस ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 5 शयनयान, 10 सामान्य श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 कोच होंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी एवं अन्य जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस ऐप के माध्यम से अवश्य जांच लें। इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।