उत्तर पश्चिम रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8622 करोड़ रुपये की कुल आय अर्जित

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अब तक की सर्वाधिक आय अर्जित कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस वित्तीय वर्ष में कुल 8622 करोड़ रुपये की प्रारम्भिक आय प्राप्त की, जिसमें यात्री आय से 3727 करोड़ रुपये तथा माल यातायात से 3865 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।

उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री अमिताभ, महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे ने संरक्षा, समयपालन, यात्री सुविधाओं में वृद्धि, इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने तथा निर्माण एवं विद्युतीकरण कार्यों को तय लक्ष्य के अनुसार पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणामस्वरूप उत्तर पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2025-26 में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने बताया कि यह कुल आय पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 7.5 प्रतिशत अधिक है। वहीं यात्री आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्री आय से 3727 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.8 प्रतिशत अधिक है।

विशेष रूप से मार्च माह में उत्तर पश्चिम रेलवे ने 353 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित की, जो किसी भी एक माह में अब तक की सर्वाधिक यात्री आय मानी जा रही है।

इसके अलावा माल परिवहन के क्षेत्र में भी उत्तर पश्चिम रेलवे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3865 करोड़ रुपये की आय प्राप्त की, जो गत वर्ष की तुलना में 7.2 प्रतिशत अधिक है।

रेलवे प्रशासन द्वारा आय बढ़ाने के लिए संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है, जिससे रेलवे राजस्व में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।

महाप्रबंधक अमिताभ के नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्री एवं माल परिवहन संचालन के क्षेत्र में भारतीय रेलवे में अपनी अलग पहचान बनाई है और अधिक राजस्व अर्जित कर यात्रियों को आधुनिक व बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।