फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग का बड़ा अभियान, मार्च माह में 2.50 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर लगाम कसने के लिए टिकट चेकिंग दल द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा मार्च माह के दौरान ट्रेनों में सतत जांच के दौरान कुल 37,926 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे जुर्माने के रूप में लगभग 2.50 करोड़ रुपये का राजस्व वसूल किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिरोजपुर मंडल ने चालू वित्त वर्ष में टिकट चेकिंग के माध्यम से लगभग 31.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो कि प्रधान कार्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य से लगभग 3 प्रतिशत अधिक है।

रेल यात्रियों को टिकट लेने के लिए जागरूक करने हेतु मंडल द्वारा समय-समय पर अभियान चलाए जा रहे हैं, साथ ही यात्रियों को ?रेलवन? ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने पर भी कार्रवाई

फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से भी नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मार्च माह में 407 यात्रियों पर एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनसे 69 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे टिकट बिक्री में सुधार लाना और बिना टिकट यात्रा करने वालों से जुर्माना वसूल कर उन्हें भविष्य में उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करना है।

वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने कहा कि टिकट चेकिंग स्टाफ न केवल रेल राजस्व बढ़ाने में योगदान दे रहा है, बल्कि यात्रा के दौरान खोए हुए सामान और खोए हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने जैसे सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान उचित टिकट लेकर ही सफर करें और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।