फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यूपीआई लेनदेन में तेजी से बढ़ोतरी

फिरोजपुर। रेलवे द्वारा रेल यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग और भुगतान के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में फिरोजपुर मंडल में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिसका सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर विशेषकर यूपीआई के माध्यम से भुगतान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 मार्च 2026 से फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान के लिए विशेष रूप से समर्पित बुकिंग खिड़कियां निर्धारित की गई हैं। इन खिड़कियों के माध्यम से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और पारदर्शी हो रही है। साथ ही स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन बेहतर हुआ है और नकदी पर निर्भरता भी कम हो रही है।

रेलवे द्वारा यात्रियों को डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक करने के लिए रेलवन ऐप को लेकर समय-समय पर अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का असर यह रहा कि लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, अमृतसर और फिरोजपुर कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर बीते 15 दिनों में प्रतिदिन औसतन डिजिटल लेनदेन में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

फिरोजपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान हेतु समर्पित काउंटर भी बनाए गए हैं। जालंधर कैंट स्टेशन पर 2 काउंटर निर्धारित किए गए हैं, जिनमें एक डिजिटल और एक मिश्रित काउंटर शामिल है। अमृतसर स्टेशन पर कुल 5 काउंटर हैं, जिनमें 2 डिजिटल और 3 मिश्रित हैं। लुधियाना स्टेशन पर 4 काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें 2 डिजिटल और 2 मिश्रित काउंटर हैं। फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर 2 काउंटर हैं, जिनमें एक डिजिटल और एक मिश्रित काउंटर है। वहीं जालंधर सिटी स्टेशन पर कुल 3 काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें एक डिजिटल और दो मिश्रित काउंटर शामिल हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग करें, जिससे टिकटिंग प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके। वहीं मंडल रेल प्रबंधक संजिव कुमार ने बताया कि यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान के तहत लागू की गई है और मंडल में चलाए जा रहे डिजिटल जागरूकता अभियानों का अच्छा प्रभाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों में डिजिटल भुगतान का रुझान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसे और विस्तार दिया जाएगा।