फिरोजपुर मंडल टिकट चेकिंग स्टाफ ने लौटाया यात्रियों का खोया सामान, निभाया सामाजिक कर्तव्य

टिकट चेकिंग स्टाफ ने लौटाया यात्रियों का खोया सामान, निभाया सामाजिक कर्तव्य

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और ईमानदारी का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मंडल के सीआईटी अमृतसर सुनील सलवान ने ट्रेन में छूट गया यात्रियों का सामान सुरक्षित ढंग से खोजकर उन्हें वापस लौटाया।

जानकारी के अनुसार 25 मार्च को ट्रेन संख्या 12716 में बी-2 कोच की सीट संख्या 30, 40 और 26 पर यात्रा कर रहे कुछ रेलयात्रियों का सामान ट्रेन में ही छूट गया था। इसके बाद 26 मार्च 2026 को जब ट्रेन संख्या 12715 श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो चेकिंग के दौरान सीआईटी अमृतसर सुनील सलवान को उक्त सामान मिला।

सामान मिलने पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एचएचटी डिवाइस की मदद से यात्रियों के मोबाइल नंबर खोजे और तुरंत उनसे संपर्क किया। उन्होंने यात्रियों को उनके सामान के सुरक्षित होने की जानकारी दी और अगले दिन श्रीगंगानगर स्टेशन पर सामान लौटाने का आश्वासन दिया।

अगले दिन सुनील सलवान ने यात्रियों को उनका सामान पूरी तरह सुरक्षित वापस सौंप दिया। इस कार्य से यात्रियों को राहत मिली और भारतीय रेलवे की सकारात्मक छवि भी सामने आई। यात्रियों ने टिकट चेकिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की निष्ठा, ईमानदारी और यात्रियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित टिकट चेकिंग स्टाफ को प्रशंसा प्रमाण पत्र देने की घोषणा की, ताकि अन्य कर्मचारी भी इसी तरह प्रेरित होकर यात्रियों की मदद करें।