नेशनल पीजी कॉलेज लखनऊ के छात्रों को मुरादाबाद में मिला अग्नि सुरक्षा व आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मुरादाबाद। नेशनल पीजी कॉलेज, लखनऊ से आए छात्रों को मुरादाबाद में सुरक्षा,आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से जागरूक किया गया। इस दौरान छात्रों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्रों को अग्निशमन वाहनों जैसे फायर टेंडर, फोम टेंडर, वाटर मिस्ट वाहन एवं मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल में उपलब्ध उपकरणों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही मौके पर इन उपकरणों का डिमांस्ट्रेशन भी कराया गया, जिससे छात्र वास्तविक परिस्थितियों में अग्निशमन प्रक्रिया को समझ सकें।

छात्रों को आग बुझाने की प्रक्रिया, प्राथमिक सुरक्षा उपाय, आपातकालीन स्थिति में सतर्कता और सुरक्षित निकासी के तरीकों की भी जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय एवं मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा छात्रों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि आपदा की स्थिति में सही जानकारी और त्वरित निर्णय से बड़े नुकसान को रोका जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने अग्निशमन विभाग की कार्यशैली को नजदीक से देखकर अनुभव प्राप्त किया और सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया।