नूरमहल रेलवे स्टेशन पर नया गुड्स शेड तैयार, व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

फिरोजपुर मंडल के नूरमहल रेलवे स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नया गुड्स शेड बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। इस नई व्यवस्था से क्षेत्र के व्यापारियों और कामगारों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

गुड्स शेड में लेबर शेड, व्हार्फ एरिया, मर्चेंट रूम, पेयजल सुविधा तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के चलते अब यहां काम करने वाले लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेंगी।

सबसे अहम बात यह है कि अब नूरमहल स्टेशन पर मालगाड़ियों का स्टॉपेज भी सुनिश्चित किया गया है। इससे व्यापारियों को अपने सामान की लोडिंग और अनलोडिंग में आसानी होगी, साथ ही माल की आवाजाही तेज और सुचारू बनेगी। रेलवे के माध्यम से परिवहन सस्ता होने के कारण व्यापारियों की लागत में कमी आएगी और मुनाफे में वृद्धि होगी।

इस पहल से न केवल मालगाड़ियों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में व्यापार को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। समय पर और सुरक्षित डिलीवरी से स्थानीय कारोबारियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट)मनु गर्ग ने बताया कि नूरमहल रेलवे स्टेशन पर बना यह नया गुड्स शेड सिर्फ एक बुनियादी ढांचा विकास नहीं, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।