राजदरी-देवदरी वाटर पार्क में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं,तय हुआ पूरा शुल्क व सिस्टम,एंट्री से एडवेंचर तक सब कुछ तय,पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नशा मुक्त परिसर

इतने रुपये का है टिकट, जिप लाइन-साइक्लिंग समेत हर सुविधा का अलग चार्ज, वार्षिक प्लान में भारी छूट
सीआरपीएफ-पुलिस को यह रियायत,परिवार संग सुकून भरे माहौल में मिलेगा आनंद

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। वनांचल क्षेत्र में प्रकृति की गोद में बसा राजदरी-देवदरी वाटर पार्क अब एक नई पहचान के साथ उभरकर सामने आ रहा है। यहां स्थापित पूर्वांचल का पहला और सबसे बड़ा अत्याधुनिक वाटर पार्क न केवल जिले बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। घने जंगलों, जलप्रपातों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विकसित यह वाटर पार्क पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

इस भव्य वाटर पार्क का उद्घाटन होते ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।आधुनिक सुविधाओं से लैस इस पार्क में बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन की पूरी व्यवस्था की गई है। यहां रोमांचक जिप लाइन, स्काई साइक्लिंग, वाटर स्लाइड्स और अन्य एडवेंचर गतिविधियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं।31 मार्च को यहां भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित गायक कलाकार मोहन राठौर, शिल्पी राज, समर सिंह और अनुपमा यादव अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।इस कार्यक्रम में गाजीपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, विधायक सदर जय किशन, चकिया विधायक कैलाश खरवार, एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।वाटर पार्क की सुविधाएं 2 अप्रैल से आम जनता के लिए शुरू कर दी जाएंगी। यहां प्रवेश शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि कपड़ा शुल्क 100 रुपये और लॉकर सुविधा 50 रुपये में उपलब्ध होगी। 160 मीटर लंबी जिप लाइन का आनंद कपल 150 रुपये में ले सकेंगे, जबकि साइक्लिंग का शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है।पार्क में सुरक्षा के लिए 11 प्रशिक्षित लाइफ गार्ड तैनात किए गए हैं।

पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां दो कैफे संचालित किए जाएंगे, जहां खानपान की बेहतर व्यवस्था रहेगी। साथ ही रूम के साथ टिकट की सुविधा 2500 रुपये में उपलब्ध होगी, जहां से बालकनी के जरिए पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत नजारा देखा जा सकेगा।वाटर पार्क के संचालक आकाश यादव ने बताया कि यह लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा प्रोजेक्ट है, जिसे पूरी तरह विकसित होने में लगभग 5 वर्ष का समय लगेगा। इसके लिए 16 एनओसी प्राप्त की गई हैं और उत्तर प्रदेश स्तर पर विभिन्न विभागों से अनुमोदन लिया गया है। उन्होंने बताया कि यहां ढाई बीघा में विशाल पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटकों के लिए एक विशेष वार्षिक प्लान भी लाया गया है, जिसमें 12,000 रुपये का पैकेज मात्र 1,400 रुपये में पूरे एक वर्ष के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।वहीं सीआरपीएफ और पुलिस कर्मियों को विशेष कार्ड के माध्यम से 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी।वाटर पार्क को इस तरह से विकसित किया गया है कि यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ आधुनिक मनोरंजन का भी भरपूर आनंद ले सकें। सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है,जिससे हर आयु वर्ग के लोग यहां सुरक्षित और आनंददायक समय बिता सकें।इसके माध्यम से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
राजदरी-देवदरी वाटर पार्क का यह नया स्वरूप निश्चित ही पूर्वांचल के पर्यटन मानचित्र पर एक बड़ी पहचान बनाने जा रहा है। आने वाले समय में यह स्थान पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा और चंदौली जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।