मां गोमती के उद्गम स्थल से हुआ गोमती दर्शन यात्रा का शुभारंभ

पीलीभीत। जनपद के माधोटांडा स्थित मां गोमती के उद्गम स्थल से लखनऊ तक आयोजित होने वाली गोमती दर्शन यात्रा का शनिवार को शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां गोमती के उद्गम स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नीम का पौधा भी रोपा।
गोमती दर्शन संस्था के तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा 28 मार्च से 4 अप्रैल तक प्रथम चरण में माधोटांडा से लखनऊ तक निकाली जा रही है। यात्रा का उद्देश्य मां गोमती नदी के संरक्षण, स्वच्छता और पुनर्जीवन के प्रति समाज और सरकार को जागरूक करना है।
संस्था की अध्यक्ष श्वेता सिंह ने बताया कि गोमती नदी को जीवनदायिनी और आदि गंगा के रूप में जाना जाता है, लेकिन वर्तमान समय में इसके अस्तित्व को बचाने के लिए व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है, जिससे लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर गोमती नदी के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जनसंवाद भी किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से गोमती नदी को उसका खोया हुआ गौरव वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।