मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा ठाणे स्टेशन पर अप लोकल लाइन में प्लेटफॉर्म नंबर-3 के विस्तार कार्य के लिए 28/29 मार्च 2026 की रात विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा ठाणे स्टेशन पर अप लोकल लाइन में प्लेटफॉर्म नंबर-3 के विस्तार कार्य के लिए 28/29 मार्च 2026 की रात विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक शनिवार-रविवार की रात 22.45 बजे से सुबह 04.45 बजे तक कुल 6 घंटे रहेगा। ब्लॉक के दौरान कलवा से ठाणे के बीच अप लोकल लाइन पर कार्य किया जाएगा, जिससे कई लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में कुछ उपनगरीय ट्रेनें अप फास्ट लाइन से डायवर्ट होकर चलाई जाएंगी। कल्याण से रात 22.14 बजे से 23.52 बजे तक तथा 29 मार्च को सुबह 03.23 बजे से 04.21 बजे तक रवाना होने वाली अप स्लो लाइन की ट्रेनें दिवा स्टेशन पर अप फास्ट लाइन से होकर गुजरेंगी और मुंब्रा व कलवा स्टेशनों पर ठहरेंगी। इसके बाद ये ट्रेनें मुलुंड स्टेशन पर पुनः अप स्लो लाइन पर भेजी जाएंगी।

ब्लॉक के कारण कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ सेवाएं आंशिक रूप से संचालित की जाएंगी। डाउन दिशा में पनवेल, परेल और सीएसएमटी से चलने वाली कई लोकल ट्रेनें ठाणे या कुर्ला तक ही चलेंगी और आगे का सफर रद्द रहेगा। वहीं अप दिशा में भी कल्याण, डोंबिवली, टिटवाला और आसनगांव से चलने वाली कई लोकल ट्रेनें ठाणे या कल्याण तक ही सीमित रहेंगी तथा कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले लोकल ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यह कार्य ठाणे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए किया जा रहा है, ताकि भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुगम रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।