मध्य रेलवे ने चार विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाई, 78 अतिरिक्त सेवाएं चलेंगी

मुंबई। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को कम करने और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा चार साप्ताहिक विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाते हुए कुल 78 अतिरिक्त विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित करने की घोषणा की गई है। रेलवे के इस निर्णय से गर्मी के मौसम में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04715 बीकानेर-साईनगर शिर्डी साप्ताहिक विशेष, जो पहले 28 मार्च 2026 तक चलनी थी, अब 11 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 04716 साईनगर शिर्डी-बीकानेर साप्ताहिक विशेष, जो पहले 29 मार्च 2026 तक चलने वाली थी, अब 12 जुलाई 2026 तक चलेगी। इन दोनों ट्रेनों की अवधि बढ़ने से कुल 15-15 अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 04725 हिसार-खड़की साप्ताहिक विशेष, जो 29 मार्च 2026 तक चलनी थी, अब 26 अप्रैल 2026 तक संचालित की जाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 04726 खड़की-हिसार साप्ताहिक विशेष, जो 30 मार्च 2026 तक निर्धारित थी, उसे 27 अप्रैल 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इन ट्रेनों के माध्यम से चार-चार अतिरिक्त सेवाएं दी जाएंगी।

रेलवे ने अजमेर-दौंड साप्ताहिक विशेष ट्रेन संख्या 09625 की अवधि भी बढ़ाई है। यह ट्रेन पहले 26 मार्च 2026 तक चलनी थी, जिसे अब 23 अप्रैल 2026 तक बढ़ा दिया गया है। वहीं दौंड-अजमेर साप्ताहिक विशेष ट्रेन संख्या 09626, जो 27 मार्च 2026 तक चलनी थी, अब 24 अप्रैल 2026 तक संचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों के माध्यम से भी चार-चार अतिरिक्त सेवाएं यात्रियों को मिलेंगी।

इसके साथ ही अजमेर-सोलापुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन संख्या 09627, जो पहले 25 मार्च 2026 तक चलनी थी, अब 15 जुलाई 2026 तक चलेगी। वहीं सोलापुर-अजमेर साप्ताहिक विशेष ट्रेन संख्या 09628, जो 26 मार्च 2026 तक चलने वाली थी, अब 16 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। इन दोनों ट्रेनों से 16-16 अतिरिक्त सेवाएं संचालित होंगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन सभी ट्रेनों का समय, मार्ग, कोच संरचना और ठहराव पूर्ववत ही रहेंगे। रेलवे प्रशासन के अनुसार विशेष ट्रेन संख्या 04716, 04726, 09626 और 09628 के लिए टिकट बुकिंग 28 मार्च 2026 से सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों तथा आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू हो जाएगी। वहीं अनारक्षित श्रेणी के टिकट सामान्य शुल्क के साथ यूटीएस सिस्टम के माध्यम से लिए जा सकते हैं। यात्रियों को टिकट बुकिंग की सुविधा के लिए रेलवन ऐप का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।