शहीदी मेला हुसैनीवाला: रेलवे के बेहतर प्रबंधों से श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत, सुरक्षा और सुविधाओं के रहे पुख्ता इंतजाम

हुसैनीवाला में शहीदे आज़म भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की पावन समाधि स्थल पर आयोजित शहीदी मेले के अवसर पर भारतीय रेल के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं प्रभावी प्रबंध किए, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है।

मेले में उमड़ी भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन, फिरोजपुर सिटी रेलवे स्टेशन और हुसैनीवाला रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट खिड़कियां खोली गईं, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिली। हुसैनीवाला स्टेशन पर प्रकाश, पंखे, स्वच्छ पेयजल, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और सुचारु टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे यात्रियों का सफर सहज और आरामदायक बना।

यात्रियों को सही दिशा-निर्देश देने के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना पट्ट लगाए गए तथा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से लगातार घोषणाएं की गईं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ-साथ आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की पर्याप्त तैनाती की गई, जिससे पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। ट्रेनों में भी अनधिकृत यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला अवधि के दौरान 6 जोड़ी शहीदी स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया, जिससे आवागमन सुगम बना रहा। इस दौरान हुसैनीवाला से फिरोजपुर कैंट के लिए 250 तथा फिरोजपुर कैंट से हुसैनीवाला के लिए 294 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई, जो यात्रियों की अच्छी आवाजाही को दर्शाता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे द्वारा किए गए इन विशेष इंतजामों से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली और मेला शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रतिबद्ध है।