फिरोजपुर रेलवे क्लब में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य आयोजन, महिला सशक्तिकरण का संदेश

फिरोजपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फिरोजपुर रेलवे क्लब में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिला रेलकर्मियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रेरित भी किया। इसके अलावा महिला कर्मचारियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि फिरोजपुर मंडल में महिला कर्मचारियों की संख्या 6.49 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और यह आंकड़ा निरंतर बढ़ रहा है। अब महिलाएं केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ट्रेन संचालन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने जालंधर सिटी स्टेशन का उदाहरण देते हुए बताया कि एक दिन पूरे स्टेशन का संचालन महिला कर्मचारियों के जिम्मे रहा, जिसमें टिकट चेकिंग, गाड़ी मरम्मत, सिग्नलिंग और परिचालन जैसे सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। साथ ही जालंधर से फिरोजपुर के बीच एक ट्रेन का संचालन भी पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा किया गया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम ?Give to Gain? पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने सहयोग और सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया तथा बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 महिला रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, फिरोजपुर की अध्यक्षा डॉ. मोनिशा शर्मा द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।