प्रेम प्रसंग पर दो पक्षों में झड़प, छतों से बरसे ईंट पत्थर, सड़क पर चली लाठियां

बरेली। शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच अचानक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों तरफ से लाठी -डंडे चले, जबकि कुछ लोगों ने घरों की छतों से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे इलाके में अफरा -तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है। शुरुआत दो पक्षों के बीच कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते यह झगड़ा हिंसक टकराव में बदल गया। इस घटना के दौरान इलाके में मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा कोई विवाद न हो। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक,अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।