अवैध शराब माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 500 लीटर से अधिक शराब जब्त, 1 लाख लीटर लहान नष्ट

राजगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को ब्यावरा अनुभाग के ग्राम कटारिया खेड़ी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 लीटर से अधिक शराब जब्त की और लगभग 1 लाख लीटर लहान (कच्चा घोल) नष्ट किया।पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे तथा एसडीओपी ब्यावरा प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सभी थाना प्रभारियों के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 16 पेटी देशी प्लेन मदिरा, 6 पेटी मसाला मदिरा, 3 पेटी एमडी रम, 2 पेटी 8 पीएम और 2 पेटी मैजिक मोमेंट सहित कुल लगभग 261 लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा करीब 240 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब भी बरामद की गई।

पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त करीब 1,00,000 लीटर लहान नष्ट कर दिया और 4 अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया। वहीं कटारिया खेड़ी मेन रोड पर अवैध रूप से संचालित गुमटियों एवं ढांचों को भी हटाया गया, जिनका उपयोग शराब बिक्री के लिए किया जा रहा था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों?जंगल सिंह (35), मुकेश (32) और विजय (25) निवासी कटारिया खेड़ी को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।