सिद्ध पीठ मां जालपा मंदिर में विधि-विधान से हुई घट स्थापना

राजगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सिद्ध पीठ मां जालपा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ घट स्थापना का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई।घट स्थापना के अवसर पर जालपा ट्रस्ट के संरक्षक एवं कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित सुरेश तोलानी, जिला पंचायत सीईओ इशित गढ़पाले एवं एसडीएम निधि भारद्वाज सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मां जालपा की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।नवरात्रि के दौरान मंदिर में विशेष पूजन, आरती एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति द्वारा समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।