पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस थाना समेजा कोठी, नई मंडी घड़साना व रावला का दौरा, सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरी शंकर द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात लगातार थाना निरीक्षण कर फीडबैक लिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने पुलिस थाना समेजाकोठी, पुलिस थाना नई मंडी घड़साना एवं पुलिस थाना रावला का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्टाफ से संवाद स्थापित कर थाना क्षेत्र में होने वाले अपराधों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक लेकर आपराधिक गतिविधियों पर सतर्क एवं कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समेजाकोठी, नई मंडी घड़साना एवं रावला तीनों थाने पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित होने के कारण अत्यंत संवेदनशील हैं। अतः सतर्कता बढ़ाते हुए प्रभावी निगरानी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं पेंडेंसी कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। पुलिस थाना नई मंडी घड़साना में परिवादियों की सुनवाई कर आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए गए।

पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने पुलिस कर्मियों को फील्ड में आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं मैत्रीपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

ड्रोन ड्रॉपिंग पॉइंट खानुवाली पोस्ट का निरीक्षण....

जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर द्वारा खानुवाली बॉर्डर सिक्योरिटी फ़ोर्स पोस्ट का निरीक्षण किया। बॉर्डर सिक्योरिटी फ़ोर्स अधिकारियों से संवाद स्थापित किया गया। ड्रोन ड्रॉपिंग की समस्या के निवारण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई एवं ड्रोन ड्रॉपिंग पॉइंट का निरीक्षण किया गया।

ग्राम 12 KND के ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, मौजीज व्यक्तियों एवं खेतों में कार्यरत किसानों से सीमा क्षेत्र में होने वाली तस्करी के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही उन्हें सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

इस अवसर पर रायसिंहनगर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल, पुलिस थाना समेजा कोठी थाना अधिकारी कृष्ण कुमार, पुलिस थाना नई मंडी घड़साना थाना अधिकारी देवी लाल, एवं पुलिस थाना रावला थाना अधिकारी बलवंत कुमार उपस्थित रहे।