विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सब दर्शकों का मन मोहा

​विद्यार्थियों ने इंद्रधनुषी प्रस्तुतियों

से बटोरी तालियां�

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय हिन्दी विज्ञान सम्मेलन के दूसरे दिन गांधी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम रही। विद्यार्थियों ने इंद्रधनुषी प्रस्तुतियों से सब दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थी रजत श्रीवास्तव ने बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी। इसके बाद छात्राओं ने मिले सुर मेरा तुम्हारा गीत पेश किया। बाद में विद्यार्थियों ने राजस्थानी नृत्य की छटा भी बिखेरी। वंशिका ने छाप तिलक सब छीनी गीत के रीमिक्स पर नृत्य प्रस्तुत किया। प्रियांशी गुप्ता ने पियानो पर अच्युतम केशवम गीत की धुन पेश की।

इससे पहले स्वामी विवेकानन्द स्कूल के विद्यार्थियों ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और सुभद्रा कुमारी चौहान की कविता खूब लड़ी वाली मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी पर लघु नाटिका प्रस्तुत कर लोगों को भाव विभोर कर दिया। देर तक पूरा हाल तालियों से गूंजता रहा। डा डीके भट्ट और सौरभ श्रीवास्तव आदि ने सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। आज की सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि पीपी कोतवाल रहे।�

दो छात्राओं ने महाभारत गीत पर प्रस्तुति दी। नेहा खरे ने एक प्यार का नगमा है गीत गाकर तालियां बटोरीं। बीटेक छात्र कनिष्क ने चांद सिफारिश जो करता हमारी देता वो तुमको बता गीत पर प्रस्तुति दी। हिमानी ने अंखियों के झरोखों से और तेरा मेरा प्यार अमर आदि गीत गाकर वाहवाही बटोरी।

देवेश ने कुमार विश्वास की कविता सुनाई। छात्राओं ने सीता राम विवाह के प्रसंग का मंचन किया।

इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मेलन के समन्वयक प्रो डीके भट्ट, डा काव्या दुबे, डा अनु सिंगला, डा अनुपम व्यास, डा प्रियंका पाठक, डा शुभांगी निगम, डा सुमिरन श्रीवास्तव, इंजी रवि कुमार, इंजी एपीएस गौर, उमेश शुक्ल, अतीत विजय समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

शुरुआत में इस राष्ट्रीय हिन्दी विज्ञान सम्मेलन के समन्वयक प्रो डीके भट्ट ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।