कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर मेगा ब्लॉक का असर: कई ट्रेनें निरस्त, मार्ग परिवर्तन और रीशेड्यूलिंग लागू

कानपुर। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर पुल संख्या 110 पर स्लीपर बिछाने के लिए मेगा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों के संचालन में व्यापक बदलाव करने का निर्णय लिया है। इनमें ट्रेनों का निरस्तीकरण, आंशिक निरस्तीकरण/ओरिजिनेशन, मार्ग परिवर्तन तथा रीशेड्यूलिंग शामिल है।

इन ट्रेनों को किया गया निरस्त

इस अवधि में बड़ी संख्या में पैसेंजर, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त किया गया है। प्रमुख रूप से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ मेमू, कानपुर सेंट्रल-रायबरेली पैसेंजर, सीतापुर सिटी-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर, लखनऊ-कासगंज पैसेंजर सहित कुल 18 ट्रेनों को 1 अप्रैल से 14 मई 2026 तक अलग-अलग तिथियों में निरस्त किया जाएगा। इससे दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है।

आंशिक निरस्तीकरण और ओरिजिनेशन

कुछ प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों जैसे पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस (12103/12104) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-लखनऊ एक्सप्रेस (22121/22122) को कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक ही चलाया जाएगा या वहीं से प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा बालामऊ-कानपुर पैसेंजर ट्रेन को उन्नाव तक सीमित किया गया है।

रीशेड्यूलिंग और रेग्यूलेशन

लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सीतापुर एक्सप्रेस (12107) को लगभग 210 मिनट तक विलंब से चलाया जाएगा। यह देरी अलग-अलग मंडलों में ट्रैफिक प्रबंधन के कारण होगी।

मार्ग परिवर्तन से चलेंगी कई प्रमुख ट्रेनें

मेगा ब्लॉक के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है?

आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी अब मथुरा-कासगंज-शाहजहांपुर होकर चलेगी।

नई दिल्ली-लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस को गाजियाबाद-मुरादाबाद मार्ग से चलाया जाएगा।

कई लंबी दूरी की ट्रेनें जैसे सूरत-मुजफ्फरपुर, साबरमती-मुजफ्फरपुर, कोटा-पटना, बठिंडा-बालुरघाट आदि को कानपुर के बजाय प्रयागराज और पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाया जाएगा।

गोरखपुर जाने वाली कई ट्रेनों का मार्ग भी लखनऊ के स्थान पर प्रयागराज-प्रतापगढ़-अयोध्या होते हुए परिवर्तित किया गया है।

इसके अलावा कानपुर सेंट्रल-जम्मू तवी एक्सप्रेस को भी इटावा-दिल्ली मार्ग से संचालित किया जाएगा, जिससे मुरादाबाद समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं रहेगा।

यात्रियों से अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे के अनुसार यह कार्य रेल संरचना को मजबूत करने और भविष्य में बेहतर व सुरक्षित ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।