प्रयागराज में गाइड विंग टेस्टिंग कैम्प का सफल समापन, ‘बुलबुल’ सदस्यों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत प्रयागराज स्थित डीएसए ग्राउंड (भारत स्काउट हट) में 14 से 16 मार्च 2026 तक गाइड विंग के टेस्टिंग कैम्प का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान ?एपीआरओ पार्ट-III? पाठ्यक्रम के आधार पर बुलबुल, गाइड एवं रेंजर सदस्यों की परीक्षाएं आयोजित की गईं।

यह आयोजन भारत स्काउट एवं गाइड की राज्य मुख्यालय की वाइस प्रेसिडेंट आयुषी भटनागर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस कैम्प की विशेषता यह रही कि पहली बार 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के ?बुलबुल? सदस्यों ने इसमें भाग लिया। छोटे बच्चों के प्रशिक्षण को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए पाठ्यक्रम को डिजिटल एवं कलात्मक रूप में विकसित किया गया। ?एपीआरओ पार्ट-III? को डिजिटल स्वरूप देने का कार्य ज्योति कुमारी के मार्गदर्शन में फ्लॉक लीडर पूजा शर्मा एवं अंकिता शर्मा द्वारा किया गया। लगभग नौ महीनों के प्रशिक्षण, बच्चों की रचनात्मकता और अभिभावकों के सहयोग से एक प्रभावी डिजिटल बुक तैयार की गई।

शिविर में कुल 23 प्रतिभागियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें बुलबुल विंग (स्वर्ण पंख) के 6 सदस्य, गाइड विंग (तृतीय सोपान) के 11 प्रतिभागी तथा रेंजर विंग (निपुण परीक्षा) के 6 प्रतिभागी शामिल रहे। यह परिणाम पूरे वर्ष के प्रशिक्षण और निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।

कैम्प के सफल आयोजन में जिला संगठन आयुक्त (गाइड) राजकुमारी एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) नूरी सिद्दीकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त सभी फ्लॉक लीडर, गाइड एवं रेंजर लीडरों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

यह आयोजन न केवल स्काउट-गाइड गतिविधियों में डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने वाला साबित हुआ, बल्कि छोटे बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित कर एक नई दिशा देने में भी सफल रहा।